बालोद।जिले के 8 नगरीय निकाय चुनाव में आज सुबह से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।बालोद जिले के 8 नगरीय निकायों में अध्यक्षों और 137 वार्डों के पार्षद पद के लिए जिले के 86 हजार 461 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे।मतदान की प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग के द्वारा जिले में कुल 161 मतदान केंद्र बनाए गए है. मतदान करने की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी।
भाजपा प्रत्याशी प्रतिभा चौधरी ने बाल मंदिर पोलिंग बूथ में किया मतदान
बालोद नगर पालिका चुनाव के लिए सुबह से ही पोलिंग बूथों में पहुंचकर जनप्रतिनिधियों ने मतदान कर लोगों से भी मतदान करने की अपील की है। बालोद में भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी प्रतिभा चौधरी ने अपने पति के साथ वार्ड 05 स्थित बाल मंदिर पोलिंग बूथ में मतदान किया।ज्ञात हो कि जिले के 8 नगरीय निकाय चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग के द्वारा सभी प्रकार की तैयारियां पूरी की जा चुकी है. सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं को धूप से राहत देने के लिए टेंट लगाया गया है। इस चुनाव में 41208 पुरुष, 45252 महिला और 01 तृतीय मतदाता अपना जनप्रतिनिधि चुनेंगे।बता दें कि बालोद नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष की एक सीट के लिए चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में है. वहीं शहर के 20 वार्डों में पार्षद पद के लिए 60 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है।
कलेक्टर ने प्राथमिक शाला जुर्री पारा पोलिंग बूथ में किया मतदान
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज शासकीय नवीन प्राथमिक शाला जुर्री पारा बालोद के मतदान केन्द्र क्रमांक 18 में पहुंचकर मतदान किया। इस दौरान चंद्रवाल ने नगरीय निकाय के सभी मतदाताओं को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की।



