बालोद। जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ANTF बालोद पुलिस की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी एक सफेद रंग की टाटा हेक्सा कार से करीब 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद की है। मामले में एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मादक पदार्थ, हथियार, मोबाइल फोन और कार सहित कुल 11 लाख 83 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी बालोद विनय साहू के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 28 अक्टूबर 2026 की रात ANTF बालोद की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड बालोद के पीछे सफेद रंग की टाटा हेक्सा कार क्रमांक CG 17 KM 4455 खड़ी है। कार की चालक सीट पर बैठा व्यक्ति अपने पास हेरोइन और देशी पिस्टल रखे हुए है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी के साथ गवाहों एवं विवेचना संबंधी सामग्री लेकर मौके पर पहुंची।
डैशबोर्ड से मिला मादक पदार्थ और हथियार
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को कार में चालक की सीट पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू, पिता सुनील बंसोड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 21, रेलवे कॉलोनी, राजहरा, थाना दल्लीराजहरा, जिला बालोद बताया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड के अंदर एक पारदर्शी झिल्ली में रखा हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का नियमानुसार परीक्षण और तौल करने पर उसका वजन लगभग 6.40 ग्राम पाया गया। वहीं, देशी पिस्टल के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ और हथियार को विधिवत जब्त कर लिया।
11.83 लाख रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में लगभग 1 लाख 28 हजार रुपये कीमत की 6.40 ग्राम हेरोइन, करीब 50 हजार रुपये कीमत की देशी पिस्टल, 5 हजार रुपये कीमत का आईक्यू कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 10 लाख रुपये अनुमानित कीमत की टाटा हेक्सा कार शामिल है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 11 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू के विरुद्ध थाना बालोद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले में बरामद मादक पदार्थ और हथियार के संबंध में आगे की विवेचना कर रही है। जांच के दौरान इनके स्रोत और अन्य संभावित कड़ियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
ANTF टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, आरक्षक बनवाली साहू, आरक्षक चुलेन्द्र कुर्रे, आरक्षक भूपेश साहू, आरक्षक संजय सोनी सहित ANTF बालोद की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या अवैध हथियारों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में आमजन से सहयोग करने की अपील की है।





