बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद के जिला कार्यालय जुंगेरा में मंगलवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्यों और संगठन की भूमिका के संबंध में मार्गदर्शन दिया। वहीं, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी संध्या परगनिया ने संगठनात्मक दिशा-निर्देश देते हुए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक का शुभारंभ मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। बैठक में डौंडी विधानसभा प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ बीज भंडार निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, बिलासपुर संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू, वरिष्ठ नेता लेखराम साहू एवं नरेश यदु सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरण पर जोर
बैठक के मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संगठन के विचारों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी संध्या परगनिया ने आगामी कार्यक्रमों को योजनाबद्ध, अनुशासित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडल से लेकर जिला स्तर तक बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा प्रत्येक पदाधिकारी को सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने की आवश्यकता बताई।
डौंडी विधानसभा प्रभारी चंदूलाल साहू की उपस्थिति में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क के विस्तार और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर भी चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों, संयोजकों एवं सह-संयोजकों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी को अभियान की सफलता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
पदयात्रा से लेकर युवा संवाद तक की जिम्मेदारियां तय
बैठक में अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए संयोजकों एवं सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसके अंतर्गत ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ पदयात्रा के लिए अश्वनी यादव, सौरभ लुनिया, टिनेश्वर बघेल, कौशल साहू और संतोष कौशिक को जिम्मेदारी दी गई।
इसी प्रकार राष्ट्रीय चिंतन संवाद (बौद्धिक संवाद) के लिए जगदीश देशमुख, बंसीलाल साहू, देवेंद्र माहला, हरीश कटझरे और ठाकुर रामचंद्राकर को दायित्व सौंपा गया। ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र’ युवा संवाद के लिए मनीष झा, गुलशन साहू, पंकज चौधरी, संजय बैस और जागेश्वर साहू को जिम्मेदारी दी गई।
वहीं, राष्ट्रीय चिंतन संवाद के अंतर्गत छात्रों की प्रतिस्पर्धा के लिए पवन सोनबरसा, सोमेश सोरी, हिमेशु साहू, सौरभ जैन और डोमेंद्र देशमुख को जिम्मेदारी सौंपी गई।
‘घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’
इन्फ्लुएंसर्स आउटरीच कार्यक्रम के प्रभावी संचालन और जनसंपर्क गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।
अभियान से संबंधित विशेषांक पत्रिका के लिए प्रेम साहू, संजय शर्मा, रवि पांडे और निशा योगी को जिम्मेदारी दी गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करने तथा अभियान के उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की योजना बनाई गई।
संगठनात्मक एकजुटता के साथ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प
बैठक में जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव और जिला महामंत्री सौरभ लुनिया सहित जिला कोर कमेटी के सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, अभियान टोली के सदस्य, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत प्रतिनिधि, नगरीय निकायों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के संयोजक और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने किया। अंत में जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने बैठक में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा जिला बालोद ने इस बैठक के माध्यम से आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को गति देने और निर्धारित जिम्मेदारियों के साथ अभियान को योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने की दिशा में संगठनात्मक पहल की।





