बालोद। जिले के अरौद स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आज 24वीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा शामिल हुए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी चंद्राकर, पवन साहू, कृष्णकांत पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरित की गई। इस राशि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे वे खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यज्ञदत्त शर्मा ने किसान सम्मान निधि योजना को किसानों के आर्थिक संबल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय-समय पर आर्थिक सहायता मिलने से कृषि कार्यों में सहयोग मिलता है। किसान देश की अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं और उनके हितों का संरक्षण एवं कृषि क्षेत्र का विकास आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष तीन समान किस्तों में कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में योजना के लाभ और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





