बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय बालोद में भव्य ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली गई। यात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान से प्रारंभ होकर दल्ली चौक, नया बस स्टैंड और संजारी क्लब होते हुए अटल परिसर पहुंची। यात्रा में जिलेभर से बड़ी संख्या में आम नागरिक, मातृशक्ति, युवा, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
राष्ट्र सेवा ही सबसे बड़ा सौभाग्य : प्रधानमंत्री मोदी

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को सरकार के मुखिया के रूप में दायित्व संभालने के बाद से सेवा के 25 वर्ष पूरे होना जनता-जनार्दन के निरंतर आशीर्वाद और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों का वास्तविक मूल्यांकन इस बात से होना चाहिए कि देश विकास के क्षेत्र में कहां पहुंचा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सेवा का अवसर मिलना अमूल्य सौभाग्य है। स्पष्ट नीतियों और साफ नीयत के साथ काम करने पर चुनौतियां भी अवसरों में बदल जाती हैं। उन्होंने सुशासन के मूल मंत्र ‘सैचुरेशन’ यानी संतृप्ति पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शत-प्रतिशत पहुंचना चाहिए, ताकि कोई भी हकदार लाभ से वंचित न रहे।उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति का आह्वान करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
ईमानदारी से कर्म करना ही सच्चा राष्ट्र धर्म : लक्ष्मी वर्मा
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, समर्पण और संकल्प की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करना सभी के सामूहिक प्रयास से संभव है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा। मजदूर, किसान, व्यापारी या कर्मचारी—हर व्यक्ति अपने कार्य को राष्ट्र सेवा और अपना धर्म मानकर ईमानदारी से करे। जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझकर कार्य करेगा, तभी देश के विकास और स्वाभिमान को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्र प्रथम, जनसेवा तथा विकसित भारत 2047 की भावना के साथ समाज सेवा और देश के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लूनिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पंचायत गुंडरदेही अध्यक्ष प्रमोद जैन, नगर पंचायत डौंडीलोहारा अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, राकेश यादव, कृष्णकांत पवार, पवन साहू, अभिषेक शुक्ला, देवेंद्र माहला सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





