Skip to main content

CG TOP NEWS

BREAKING
*बालोद जिले के डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र में जुनवानी से चिखली तक पहाड़ काटकर नई सडक़ बनाने का काम शुरू करीब 40 साल पुरानी ग्रामीणों की मांग पूरी होने की दिशा में**बालोद। जिले के अरौद स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आज 24वीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि कार्यक्रम का आयोजन किया गया**बालोद में उत्साह के साथ मनाई गई सरदार पटेल जयंती: जिला पुलिस प्रशासन द्वारा निकाली गई ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ की भव्य एकता दौड़**बालोद जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ANTF बालोद पुलिस की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की**बालोद भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद के जिला कार्यालय जुंगेरा में मंगलवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई*
4ff3eb0c-cd82-4e07-a579-bdc448e080e1

 

बालोद। शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में कॉलेज जा रही युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का बालोद पुलिस ने घटना के करीब 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती पर एसिड फेंकने की साजिश उसके कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम के साथ मिलकर रची थी। यश के कहने पर करण ने युवती पर एसिड फेंका और मौके से फरार हो गया था।पुलिस के मुताबिक 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12.30 बजे युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। वारदात के बाद आरोपी तांदुला बांध की ओर भाग निकला।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्धों से पूछताछ की गई।
जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर को संदेह के दायरे में लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यश ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में उसने घटना की साजिश का खुलासा किया।

तीन महीने पहले बनाई थी योजना

पुलिस के अनुसार, यश सोनकर ने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। युवती द्वारा किसी अन्य जगह अफेयर और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज होकर उसने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी।यश लगातार युवती को मनाने का प्रयास कर रहा था। युवती के तैयार नहीं होने पर उसने करण कुंजाम को 26 सितंबर को बालोद बुलाया। इसके बाद 27 सितंबर को एसिड खरीदा गया। पुलिस के मुताबिक गणेश झांकी के दौरान घटना को अंजाम देने की योजना थी, लेकिन उस समय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण आरोपियों ने योजना टाल दी।

5 अक्टूबर को दिया वारदात को अंजाम

 

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12.30 बजे युवती जब लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया। इसके बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध की ओर गया। वहां से लिफ्ट लेकर झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा।
यश से पूछताछ में घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने करण कुंजाम की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस ने मामले में यश कुमार सोनकर (20), निवासी वार्ड क्रमांक 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद तथा करण कुंजाम (20), निवासी वार्ड क्रमांक 15, भैरमगढ़, जिला बीजापुर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

 

कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने की अपील

 

बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि, पीछा करने, धमकी देने अथवा परेशान करने की जानकारी को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: चोरी करना पाप है